रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा शेयर, ब्रोकरेज ने ₹3,256 का टारगेट दिया
TVS Motor Company के शेयरों ने आज नया इतिहास रच दिया ,शुक्रवार को कारोबार के दौरान शेयर 1% चढ़कर ₹2,959.95 के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुँच गया है । इसने अपने पिछले रिकार्ड ₹2,958.15 को भी पीछे छोड़ दिया, जो सितंबर 2024 में बना था। पिछले चार ट्रेडिंग सेशन्स में ही शेयर में 6.5% की तेजी आई है, जबकि अप्रैल 2025 के निचले स्तर से यह 33% उछल चुका है।
बाज़ार से बेहतर प्रदर्शन और आगे की उम्मीदें
कैलेंडर वर्ष 2025 में TVS Motor ने अब तक 23% का शानदार रिटर्न दिया है, जो इसी अवधि में बीएसई सेंसेक्स के 7% और बीएसई ऑटो इंडेक्स के 3% से कही ज्यादा है।
कंपनी मैनेजमेंट को उम्मीद है कि यह शानदार प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके पीछे कई कारण हैं:
- RBI द्वारा रेपो रेट में कटौती: इससे दोपहिया वाहन खरीदने वालों की EMI कम होगी, जिससे बिक्री बढ़ेगी।
- सरकारी नीतियां: ₹7 लाख से ₹12 लाख तक की आय पर टैक्स छूट से लोगों के पास खर्च करने के लिए ज़्यादा पैसा बचेगा।
- ग्रामीण मांग: सरकार का इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज़ोर और सामान्य मानसून की उम्मीद ग्रामीण इलाकों में मांग बढ़ा सकती है।
- रिप्लेसमेंट साइकल: इस साल वाहनों की रिप्लेसमेंट साइकल में भी तेज़ी आने की संभावना है।
- घरेलू बाज़ार में ग्रोथ: मैनेजमेंट के अनुसार, घरेलू बाज़ार में ग्रोथ का रुझान पिछले साल जैसा ही रहने की उम्मीद है।
मज़बूत होती स्थिति: CARE Ratings का विश्लेषण
CareEdge Ratings के मुताबिक, TVS Motor ने दोपहिया सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत की है और ICE (इंजन वाले वाहन ) के साथ-साथ EV (इलेक्ट्रिक वाहन ) दोनों में मार्केट शेयर बढ़ाया है। कंपनी का तीन पहिया वाहन सेगमेंट और देश भर में फैला डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क भी इसकी प्रमुख ताकतें हैं।
FY25 में कंपनी के निर्यात में 14% की बढ़ोतरी हुई और आगे इसमें और इजाफा की उम्मीद है। कंपनी ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को स्थानीय मांग के हिसाब से मज़बूत किया है। FY25 में ऑपरेटिंग मार्जिन भी बढ़कर 9.92% हो गया, जो पिछले साल 8.64% था। साथ ही, मोटरसाइकिल और स्कूटर सेगमेंट में कंपनी का मार्केट शेयर भी बढ़कर क्रमशः 13.8% और 25.6% हो गया है।
टेक्निकल व्यू: शेयर ₹3,256 तक जा सकता है!
ब्रोकरेज फर्म चॉइस ब्रोकिंग के अनुसार, अगर TVS Motor का शेयर ₹2,852 से ऊपर मजबूती से बंद होता है, तो इसे एक ब्रेकआउट माना जाएगा और शेयर ₹3,256 तक भी जा सकता है। ट्रेडिंग के नजरिए से ₹2,790 के आसपास शेयर खरीदना एक अच्छा मौका हो सकता है। जबकि स्टॉप लॉस ₹2,650 पर रखना चाहिए।
TVS Motor का कारोबार और विस्तार
TVS Motor भारत की प्रमुख दो पहिया वाहन निर्माता कंपनियों में से एक है इसके पास 5.5 मिलियन दोपहिया और 3 लाख तीन-पहिया वाहनों की वार्षिक उत्पादन क्षमता है। कंपनी ने 2007 में इंडोनेशिया में अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी PT TVS Motor इंडोनेशिया की स्थापना की थी। साल 2020 में कंपनी ने ब्रिटेन की Norton Motorcycle को भी खरीद लिया था, जिससे इसका वैश्विक विस्तार हुआ। TVS Motor भारत में मोपेड सेगमेंट में भी एकमात्र प्रमुख खिलाड़ी है।
डिस्क्लेमर: यह खबर ब्रोकरेज की रिपोर के आधार पर है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश संबंधित फैसले लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।